_संवाददाता - राजन साहू_
*कानपुर।* इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भनोट के खिलाफ कानपुर के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता समाज ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वार से शताब्दी द्वार तक नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला और जस्टिस से माफी की मांग की।
मामला एक अधिवक्ता से पुलिस अधिकारी के सामने माफी मंगवाने का बताया जा रहा है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह अधिवक्ता समाज का अपमान है। पूर्व लॉयर्स एसोसिएशन अध्यक्ष पं. रविंद्र शर्मा ने कहा कि इस घटना की घोर निंदा की जाती है, अधिवक्ता के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि जस्टिस अजय भनोट तत्काल अधिवक्ता समाज से माफी मांगें। प्रदर्शन के दौरान "जस्टिस भनोट मुर्दाबाद" के नारे लगे।
इस दौरान भानु द्विवेदी, सरोज उपाध्याय, शैलेश त्रिवेदी, राम नवल कुशवाहा, अनिल चौहान, देवेश श्रीवास्तव, बुद्ध प्रकाश मयूरसैनी सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।