वाराणसी -आशुतोष मिश्रा
देव दीपावली की तैयारियों का बोट से स्थलीय निरीक्षण
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा मंडलायुक्त श्री के. विजयेंद्र पांडियन एवं जिलाधिकारी वाराणसी श्री सत्येन्द्र कुमार के साथ गोदौलिया से बोट के माध्यम से भ्रमण प्रारंभ कर चेतसिंह घाट होते हुए नमोघाट तक गंगा नदी एवं विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
भ्रमण के दौरान गंगा के वाटर रूट, प्रमुख घाटों, नौका संचालन क्षेत्रों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ वाले स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जलमार्ग की सुरक्षा, नौका संचालन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, घाटों पर भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन रेस्क्यू व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
देव दीपावली पर लगभग 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन की संभावना के दृष्टिगत जल एवं थल दोनों मार्गों पर समन्वित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गंगा नदी में अस्थायी पुलिस स्टेशन एवं वाटर रूट की स्थापना।
देव दीपावली पर्व के दौरान गंगा नदी में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ तथा बड़ी संख्या में नौकाओं के आवागमन को देखते हुए जल क्षेत्र में अस्थायी पुलिस स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इससे गंगा नदी के जल क्षेत्र की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण रखा जा सकेगा।
उक्त पुलिस स्टेशन पर रेस्क्यू बोट एवं आवश्यक बचाव उपकरणों सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे गंगा नदी में किसी भी प्रकार की दुर्घटना, नावों की टक्कर अथवा श्रद्धालु के नदी में गिरने जैसी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता एवं रेस्क्यू कार्य किया जा सकेगा।
अस्थायी पुलिस स्टेशन के माध्यम से जल पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। रेस्क्यू टीम द्वारा घटनास्थल पर कम समय में पहुंचकर त्वरित सहायता एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।
गंगा नदी में नौकाओं के सुरक्षित आवागमन हेतु वाटर बैरिकेडिंग कर अलग-अलग आने-जाने के मार्ग निर्धारित किए जा रहे हैं, जिससे नावों की टक्कर की आशंका न्यूनतम रहेगी।
नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, लाइफ जैकेट का अनिवार्य उपयोग एवं सुरक्षित नौका संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ प्रबंधन एवं घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा
घाटों पर प्रवेश एवं निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था, पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
भीड़ के दबाव वाले एवं संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी संभावित भीड़ के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी एवं विशेष टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
व्यापक सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती
देव दीपावली पर 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों तथा 3000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त सीआरपीएफ, पीएसी एवं क्यूआरटी की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।
संपूर्ण घाट क्षेत्र एवं संवेदनशील स्थलों को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
वीवीआईपी अतिथियों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
मोटरबोट के माध्यम से गंगा में निरंतर पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य के लिए विशेष प्रबंध रहेंगे।
यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन एवं यातायात प्रतिबंध लागू किए जा रहे हैं।
निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
शहर में आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों एवं मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा। दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
तकनीक आधारित निगरानी एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं
घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी तथा कंट्रोल रूम से भीड़भाड़ वाले स्थलों पर नजर रखी जाएगी।
अग्निशमन, चिकित्सा एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
सभी संबंधित टीमों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भव्य देव दीपावली आयोजन एवं विशेष तैयारियां
देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों पर लगभग 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के साथ लेजर शो, गंगा आरती, आतिशबाजी, ड्रोन शो एवं गंगा महोत्सव सहित विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल एवं व्यवहार कुशलता का प्रशिक्षण
बड़े आयोजनों में पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता के साथ उनका व्यवहार भी महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य से ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है।
पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वाराणसी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक हमारा अतिथि है। उनसे सम्मानपूर्वक 'सर' एवं 'मैडम' कहकर संबोधित करें तथा उनकी समस्याओं का विनम्रता से समाधान करें।
पुलिसकर्मियों को सेवा, सुरक्षा एवं संवेदनशीलता के मूल मंत्र के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आज दिनांक 22.11.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा मंडलायुक्त श्री के. विजयेंद्र पांडियन एवं जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार के साथ गोदौलिया से चेतसिंह घाट होते हुए नमोघाट तक बोट से भ्रमण कर देव दीपावली की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान गंगा के वाटर रूट, प्रमुख घाटों, नौका संचालन एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ वाले स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। लगभग 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन की संभावना के दृष्टिगत जल एवं थल दोनों मार्गों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। गंगा नदी में अस्थायी पुलिस स्टेशन, रेस्क्यू बोट, वाटर बैरिकेडिंग एवं निर्धारित नौका मार्गों के माध्यम से सुरक्षित नौका संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। घाटों को जोन एवं सेक्टर में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल, क्यूआरटी एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी एवं ड्रोन से सतत निगरानी, यातायात डायवर्जन, पार्किंग, चिकित्सा एवं अग्निशमन व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण देकर सेवा, सुरक्षा एवं संवेदनशीलता के साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देव दीपावली का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री किरीट राठोड सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे ।