हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा फरीदाबाद में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी के अन्दर तीन माह में बिजली, पानी आदि मूलभूत योजनाएं पूरी करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाए। इसके अलावा ग्लोबल सिटी में विश्व स्तर का आईकॉनिक टावर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने पिंजौर की हवाई पट्टी का विस्तार करने के लिए भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में राज्य प्रगति पोर्टल समीक्षा की चौथी मिटिंग की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्लोबल सिटी के पूर्ण हो जाने के बाद इसमें मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सुलभ हो सकेंगे। इस 1000 एकड़ में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में 1000 करोड़ रुपए की लागत से भौंतिक प्रगति का 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य आगामी दिसम्बर माह तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट एवं सुव्यवस्थित योजना पर आधारित विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में शिक्षण, स्वास्थय संस्थानों के अलावा मॉल, थिएटर, लग्जरी होटल, सामुदायिक केन्द्र, मेरिज पैलेस आदि बनाने के अलावा नमो भारत मैट्रो ट्रेन भी चलाई जाएगी। इसके अलावा विशेष वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा ग्रीन लेक भी बनाई जाएगी तथा इस सिटी को द्वारका एक्सप्रेस वे से जोड़ने का कार्य किया जाएगा ताकि आवागमन सुगम हो सके।