विरेन्द्र रॉय हुगली/ हुगली जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भद्रेश्वर नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंकुर हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा, एसडीओ चंदननगर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों के औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने अस्पताल के सभी विभागों और यूनिटों की फाइलों की गहनता से जांच की।

निरीक्षण के बाद विधायक दीपांजन गुहा ने कहा कि अस्पताल के कई विभागों में खामियां देखने को मिली हैं। अस्पताल में सैनिटेशन प्रोटोकॉल, स्वैप टेस्ट, रजिस्ट्रेशन मेंटेनेंस और WBNC नर्सों का रजिस्ट्रेशन भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। सबसे बड़ी खामी यह है कि अस्पताल के सुपर खुद समय पर दफ्तर नहीं आते हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में अस्पताल परिसर के दफ्तरों का राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया जाता था और आम जनता को सेवा देने के नाम पर लूट होती थी। त्रस्त जनता ने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन कर दिया है।

विधायक ने आगे कहा कि सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रदेश के सभी विभागों के अधिकारियों को निस्वार्थ भाव से जनता के हित में काम करने का निर्देश दिया है। अंकुर हॉस्पिटल में क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसके लिए हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "पहले अस्पताल में भर्ती होने के लिए आम जनता को बिचौलियों की मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। किसी भी बिचौलिए को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चिकित्सा सुविधा लेने के लिए आम जनता को किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं पड़ेगी।"

"अगर मेरे कार्यकर्ता भी किसी आम आदमी को परेशान करते हुए पाए गए, तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र की जनता ने मुझे अपने सेवक के रूप में चुना है। जनता की निस्वार्थ सेवा करना ही मेरा परम धर्म है। प्रदेश के साथ- साथ इस अस्पताल में जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम किया जाएगा।"