संवाददाता: राजन साहू, कानपुर

कानपुर। शहर के वार्ड नंबर एक लक्ष्मीपुरवा में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा पार्षद विकास साहू ने आज मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में स्थानीय लोगों के साथ पहुंचकर अनोखा प्रदर्शन किया। नाराज पार्षद ने बाल्टी में भरकर लाया गया कीचड़ युक्त गंदा पानी खुद के ऊपर डाल लिया।

पार्षद विकास साहू का कहना है कि डॉट नाला क्षतिग्रस्त होने से कई दिनों से पूरे वार्ड में नाले का गंदा पानी भरा हुआ है। घरों के बाहर कीचड़ और जलभराव से लोगों का निकलना दूभर हो गया है। कई बार नगर निगम के जोनल और नाला से संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

आज परेशान जनता के साथ वह नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों द्वारा फिर अनसुनी करने पर उन्होंने बाल्टी में लाया कीचड़ वाला पानी खुद पर डालते हुए कहा, शायद अब अधिकारियों को जनता के दर्द का एहसास हो।

प्रदर्शन के दौरान पार्षद के साथ बड़ी संख्या में वार्ड के लोग मौजूद रहे। लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया।