सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल निवासी पत्रकार विश्वरूप पांडा ने सोमवार को पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह द्वारा दायर मानहानि मामले में जमशेदपुर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। मामले की सुनवाई ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुश्री रितु कुजूर की अदालत में हुई।आत्मसमर्पण के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार ओझा ने उनकी ओर से पक्ष रखा, जिसके बाद न्यायालय ने उन्हें जमानत दे दी।जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने वर्ष 2024 में एक समाचार पोर्टल पर प्रकाशित रिपोर्ट को लेकर विश्वरूप पांडा के खिलाफ मानहानि का शिकायतवाद दायर किया था।शिकायत में समाचार के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया है।आत्मसमर्पण के दौरान न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और मामला अधिवक्ताओं के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा।जमानत मिलने के बाद विश्वरूप पांडा ने कहा कि यह मामला पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक आलोचना को दबाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल मामले की सुनवाई न्यायालय में लंबित है।