रिपोर्टर रोहित कुमार/बिजनौर
बिजनौर के नजीबाबाद में रक्षाबंधन पर्व पर ससुराल से घर लौट रहे एक परिवार के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि पति और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों में सात वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नजीबाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम महावतपुर बिल्लौच निवासी 35 वर्षीय मुकेश अपनी 30 वर्षीय पत्नी रचना, 14 वर्षीय पुत्र प्रत्यक्ष और सात वर्षीय पुत्री आराध्या के साथ थाना किरतपुर क्षेत्र के ग्राम शेरपुर स्थित अपनी ससुराल से रक्षाबंधन मनाकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
ग्राम दाउदपुर नन्हेड़ा के निकट पहुंचने पर सड़क पर चल रही एक रोडवेज बस
के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से पीछे चल रही दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मुकेश, रचना और दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 30 वर्षीय रचना को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय आराध्या को बिजनौर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलने से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दंपति और दो बच्चे घायल हुए थे, जिसमें महिला की मौत हो गई है। घायल बच्ची को गंभीर हालत में बिजनौर रेफर किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।