शिव कुमार/सहरसा।सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत सोमवार को “सबका सम्मान-जीवन आसान” (ईज ऑफ लिविंग) कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए कुल 25 आवेदनों पर समेकित रूप से सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों में वर्णित समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम के दौरान बैजनाथपुर निवासी ओम कुमार ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया, जिसके निवारण के लिए अंचलाधिकारी सौर बाजार को निर्देशित किया गया। वहीं बेलवारा वार्ड संख्या-12 निवासी चित्रलेखा देवी ने दबंग तत्वों द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा करने की शिकायत की, जिस पर अंचलाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सुरेश भगत एवं सतीश चंद्र गुप्ता द्वारा दिए गए आवेदनों के निष्पादन हेतु अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सहरसा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (वि० जांच०) गणेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग पुलक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।