मोतिहारी  पूर्वी चंपारण जिले में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय स्थित शिक्षा भवन के सभागार में कक्षा 4 से 8 के लिए चिन्हित नोडल शिक्षकों एवं मेंटरों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने की।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने तथा बुनियादी गणितीय दक्षता को मजबूत बनाना है, ताकि प्रत्येक छात्र अपनी कक्षा के अनुरूप सीखने की क्षमता विकसित कर सके। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण, प्रभावी आकलन तकनीक, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के उपयोग तथा उपचारात्मक शिक्षण पर विशेष जोर दिया। साथ ही बच्चों में पढ़ने की समझ, लेखन कौशल तथा जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसी आधारभूत गणितीय अवधारणाओं को रोचक तरीके से विकसित करने की आवश्यकता बताई।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) ब्रजेश कुमार ने कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत अब लक्ष्य केवल कक्षा 3 तक सीमित नहीं है। कक्षा 4 से 8 के उन बच्चों की सीखने की कमी को दूर करना प्राथमिकता है, जो अभी अपेक्षित दक्षता हासिल नहीं कर सके हैं। उन्होंने नोडल शिक्षकों एवं मेंटरों को विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने, बेसलाइन आकलन कराने तथा प्रत्येक माह प्रगति प्रतिवेदन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य से आए प्रथम संस्था के प्रशिक्षकों ने मॉडल पाठ, खेल आधारित अधिगम और टीएलएम निर्माण का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जिसे प्रतिभागी शिक्षकों ने काफी उपयोगी बताया।
इस अवसर पर संभाग प्रभारी सह अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक रामदेव महतो ने सभी शिक्षकों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित सदस्य नगेन्द्र प्रसाद, रमेश कुमार, राजीव कुमार सिंह, अंजना कुमारी, सरिता कुमारी, नवाब ठाकुर एवं केशव कुमार कश्यप सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कमलेश कुमार सिंह ने किया।