शिव कुमार/सहरसा:जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को शहरी क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या के निवारण एवं संभावित भीषण गर्मी से राहत हेतु किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम सहित सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए सभी नालों की सफाई का कार्य 15 मई से पूर्व हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से नालों में जमा प्लास्टिक कचरे को पूरी तरह हटाने पर जोर दिया, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारू रह सके।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां नालों का निर्माण अधूरा है या कच्चे नाले हैं, वहां आवश्यकतानुसार निर्माण कार्य भी 15 मई से पहले पूरा किया जाए। इसके साथ ही नगर निकाय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम हो सके।
संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में स्थायी प्याऊ को चालू रखने तथा जरूरत के अनुसार अस्थायी प्याऊ स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को पेयजल की सुविधा मिल सके।
नगर निगम क्षेत्र में जल जमाव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु संबंधित निविदा कार्यों को अविलंब पूरा करने को कहा गया। साथ ही नालों के आसपास या ऊपर किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि जल निकासी में कोई बाधा न हो।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।