रफ़्तार संवाददाता अभिषेक गुप्ता मांडर/चान्हो। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को उनकी जन्मस्थली से लाई गई पावन मिट्टी का कलश मांडर विधानसभा क्षेत्र पहुंचा। क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलश यात्रा का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया तथा सामाजिक समरसता और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कलश यात्रा के चान्हो एवं मांडर क्षेत्र में प्रवेश करते ही सोंस, चान्हो थाना चौक और सोसई मैदान सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया। जयघोष और भक्ति गीतों के बीच पावन कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गुरु रविदास महाराज के बताए समानता, भाईचारा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
भाजपा नेता सन्नी टोप्पो ने कहा कि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को पूरे देश में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उनकी जन्मस्थली की पावन मिट्टी विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि सामाजिक सौहार्द, समानता और एकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
कार्यक्रम में हटिया विधायक नवीन जायसवाल, भाजपा नेता रमेश सिंह एवं सन्नी टोप्पो ने कलश यात्रा का स्वागत किया। मौके पर मांडर और चान्हो प्रखंड के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण में संतों के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।