दिनबंधु राउत /   जामताड़ा: जामताड़ा के गांधी मैदान में सहायक अध्यापकों की प्रखंड स्तरीय बैठक जिला सचिव दिलीप मंडल के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लेकर अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। प्रदेश महासचिव सुमन कुमार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में सहायक अध्यापक पिछले 25 वर्षों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें समान काम के बदले समान वेतन नहीं मिल पाया है। उन्होंने इसे शिक्षकों के साथ अन्याय बताया और सरकार से जल्द समाधान की मांग की। वही जिला अध्यक्ष शब्बीर अंसारी ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से बैठकें की जा रही हैं और आंदोलन को व्यापक रूप दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो 18 अप्रैल को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्थानीय विधायकों को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। सहायक अध्यापकों की प्रमुख मांगों में आकलन पास शिक्षकों को TET के समकक्ष मान्यता देना शामिल है। बताया गया कि झारखंड में लगभग 42 हजार सहायक अध्यापक आकलन परीक्षा पास कर चुके हैं, जिसे जैक द्वारा आयोजित किया गया था। शिक्षकों ने बिहार सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां दक्षता परीक्षा को TET के बराबर मान्यता दी गई है और सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार और प्रशासन की चुप्पी के कारण अब वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हो रहे हैं। मौके पर  जिला अध्यक्ष शब्बीर अंसारी, अनवर अंसारी, रंजीत महतो, टीकाराम सोरेन, बिमल  हंसदा, इरफान अंसारी, कार्तिक , फुरकान अंसारी,  सुभाष चंद्र मंडल, सुरेश टुडू, अजीत सिंह, इफ्तिखार अंसारी, परमानंद भंडारी सहित अन्य उपस्थित थे।