शिकारीपाड़ा/दुमका/ललित कुमार पाल।

दुमका के शिकारीपाड़ा प्रखंड परिसर , थाना और सभी सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रीय सम्मान के साथ मनाया गया। प्रखंड और थाना दोनों ही प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण से पूर्व उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों ने देशभक्ति के भाव के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन किया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के स्वरों से गुंजायमान हो उठा।
राष्ट्रगीत के उपरांत शिकारीपाड़ा प्रखंड परिसर में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान प्रखंड प्रमुख हुदु मरांडी ने पूरे सम्मान के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसी प्रकार, शिकारीपाड़ा थाना परिसर में भी 'वंदे मातरम्' के ओजस्वी गायन के पश्चात सब इंस्पेक्टर (एसआई) मुनाजिर हसन ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
दोनों जगह आयोजित इस कार्यक्रम में भी प्रखंड प्रमुख हुदु मरांडी, BDO मोहम्मद एजाज आलम और CO कपिल देव ठाकुर समेत पुलिस बल के जवान तथा क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। दोनों ही स्थानों पर सभी ने तिरंगे को नमन कर एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।