फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 19 जुलाई । 21 मई 2026 को एक महिला ने पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में शिकायत दी कि वह एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) के पद पर कार्यरत है। आरोपी ने उक्त कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद के लिए आवेदन किया था। 20 मई को आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से महिला को गाली-गलौज करते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी दी। जिससे महिला को मानसिक उत्पीड़न हुआ और उसकी सुरक्षा को लेकर भय उत्पन्न हो गया। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने अभियोग में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को वृंदावन, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) से 01 आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पुनीत बरेजा निवासी मधुबन कॉलोनी, वृंदावन, जिला मथुरा (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी एक निजी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से आईटी इंजीनियर के रूप में कार्य करता है। उसने उक्त कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद के लिए आवेदन किया था, जिसके माध्यम से उसका महिला शिकायतकर्ता से संपर्क हुआ। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से महिला को गाली-गलौज करते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी वाले संदेश भेजकर उपरोक्त वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।