फतह सिंह उजाला 
गुरुग्राम 20 जून। पांचवी हरियाणा बटालियन एनसीसी, गुरुग्राम द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC) के आठवें दिन एनसीसी कैडेटस के लिए क्रॉस कंट्री एवं ड्रिल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर शिविर कमांडेंट कर्नल एस.के. कौशिक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेटों में शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के उपरांत ड्रिल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेटों ने अनुशासन एवं तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किए गए।

क्रॉस कंट्री दौड़ में सभी कैडेटों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कठिन मार्ग को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए अपनी सहनशक्ति एवं दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। विजेता कैडेटों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एक यूनिट द्वारा क्वार्टर गार्ड की प्रस्तुति का प्रभावशाली प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें सैन्य परंपराओं एवं ड्रिल की बारीकियों का प्रदर्शन किया गया। कैडेटों ने इस प्रदर्शन से सैन्य अनुशासन और परेड संचालन की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
शिविर का वातावरण पूरे दिन जोश, उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना से ओत-प्रोत रहा। कैडेटों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने कौशल एवं प्रतिभा का परिचय दिया।