उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया. उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में सुबह करीब 11 बजे 90 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली. वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं. उनके निधन की खबर से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत देशभर में शोक की लहर है.परिजनों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर किया जा सकता है. उनके निधन की सूचना मिलते ही पंचूर स्थित पैतृक आवास पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. सावित्री देवी के परिवार में कुल सात बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और तीन बेटियां शामिल हैं. वह अपने दो बेटों के साथ गांव में रहती थीं. सावित्री देवी को उम्र संबंधी परेशानियों के कारण अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती थीं. इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था. उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था. मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी एम्स पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था. सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया. धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है. उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.