गोवर्धन रजक/धनबाद (टुंडी): लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की ताकत एक बार फिर धनबाद के टुंडी में देखने को मिली है। 'रफ्तार मीडिया' पर प्रमुखता से खबर दिखाए जाने के महज 24 घंटे के भीतर बिजली विभाग ने कुंभकर्णी नींद से जागकर बड़ा एक्शन लिया है। पश्चिमी टुंडी के मछियारा पंचायत अंतर्गत बोनकाटी, चीनापहाड़ी और कदवार गांव में पिछले चार दिनों से पसरा अंधेरा अब दूर हो गया है और बिजली पूरी तरह बहाल कर दी गई है।अधिकारियों ने लिया त्वरित संज्ञान'रफ्तार मीडिया' द्वारा 1500 आदिवासी परिवारों की बदहाली और भीषण गर्मी में बच्चों की पढ़ाई ठप होने की खबर को जैसे ही पोर्टल पर साझा किया गया, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) मुकुल कुमार ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए फील्ड कर्मियों को निर्देश दिए। विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो नए बिजली के पोल खड़े किए और क्षतिग्रस्त 11KV हाई-टेंशन तार को पूरी तरह ठीक कर दिया।ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार बिजली बहाल होने से चारों तरफ खुशी का माहौल है। ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी और पानी के संकट से बड़ी राहत मिली है। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर भाजपा मीडिया प्रभारी किशोर हेंब्रम सहित स्थानीय ग्रामीणों—मिथुन राय, श्रीलाल हेंब्रम, साहब राम मुर्मू, संग्राम बासकी और संतोष राय ने बिजली विभाग की तत्परता की सराहना की। इसके साथ ही, सभी ग्रामीणों ने एक सुर में 'रफ्तार मीडिया' की निष्पक्ष और असरदार पत्रकारिता को धन्यवाद दिया, जिसके कारण प्रशासन हरकत में आया।