फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम: 13 अगस्त । 15 अगस्त के दिन स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरुग्राम में विभिन्न स्थानों पर यह राष्ट्रीय पर्व बड़ी धूमधाम व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के दौरान VIP मूवमेंट्स व आयोजन स्थलों पर भीड़ इकट्ठा होने के कारण विभिन्न प्रकार के शरारती व असामाजिक तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की बात को नजरअंदाज नही किया जा सकता। इन सभी स्थितियों को मध्यनजर रखते हुए गुरुग्राम पुलिस द्वारा इस 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 को लेकर जिले में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात को लेकर व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। इस अवसर पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा प्रमुख समारोह स्थलों, VIP रूट, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्रों तथा आसपास के इलाकों में पुलिस की विशेष तैनाती की गई है।

विशेष रूप से गुरुग्राम में इन स्थानों पर आयोजित होंगे स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम

1. ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38, गुरुग्राम।

2. नई अनाज मंडी हेली मंडी-पटौदी, गुरुग्राम।

3. राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-43, गुरुग्राम।

4. शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्टेडियम नखड़ौला-मानेसर, गुरुग्राम।

5. ताऊ देवी लाल स्टेडियम सोहना, गुरुग्राम।

मुख्य जिला स्तरीय समारोह ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38, गुरुग्राम में आयोजित होगा, जहां हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। इसी प्रकार नई अनाज मंडी हेली मंडी-पटौदी में श्रीमती बिमला चौधरी (विधायक पटौदी), राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-43 में श्री सतीश कुमार (विधायक फरीदाबाद NIT), शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्टेडियम नखड़ौला-मानेसर में श्री मुकेश शर्मा (विधायक, गुरुग्राम) तथा ताऊ देवी लाल स्टेडियम सोहना में श्री तेजपाल तंवर (विधायक सोहना) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।

VIP रूट की एंटी-सैबोटाज चेकिंग, सड़क किनारे के क्षेत्रों की निगरानी, रूफ-टॉप ड्यूटी, आउटर कॉर्डन तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। VIP के आवागमन के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए प्रमुख कट, रेड लाइट, टी-प्वाइंट, फ्लाईओवर एवं अंडरपास पर विशेष पुलिस व्यवस्था रहेगी। ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38 सहित अन्य प्रमुख समारोह स्थलों पर VIP एवं आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था रहेगी। प्रवेश द्वारों पर DFMD एवं HHMD से जांच की जाएगी तथा महिला आगंतुकों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों एवं फ्रिस्किंग कैबिन की व्यवस्था रहेगी। समारोह स्थलों के आसपास की ऊंची इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आयोजन स्थल, मंच, परेड ग्राउंड, पार्किंग एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। VIP स्टेज एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तथा QRT की तैनाती की गई है।

13 अगस्त से 11 प्रमुख नाकों पर विशेष नाकाबंदी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस द्वारा जिले में 11 प्रमुख नाका प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इन नाकों पर 13 अगस्त शाम 4 बजे से स्वतंत्रता दिवस समारोह की समाप्ति तक पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त नाके भी लगाए जा सकेंगे। नाकों पर पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च एवं वायरलेस सेट के साथ तैनात रहेंगे तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

होटल, मॉल, क्लब और अन्य स्थानों की चेकिंग

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर होटल, सराय, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, मॉल एवं क्लबों की विशेष चेकिंग की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की पहचान के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। सभी प्रमुख आयोजन स्थलों एवं VIP रूट की एंटी-सैबोटाज जांच कराई जाएगी। संदिग्ध बैग, सामान अथवा अन्य वस्तुओं को समारोह स्थल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी रहेंगी तैनात

किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटने के लिए 05 फायर ब्रिगेड एवं 05 एंबुलेंस विभिन्न समारोह स्थलों पर तैनात रहेंगी। इनके साथ वायरलेस संचार की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।


वरिष्ठ अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक प्रमुख समारोह स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी ड्यूटी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले अपने-अपने स्थान पर पहुंचने तथा पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।


गुरुग्राम पुलिस की नागरिकों से अपील

गुरुग्राम पुलिस नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने, निर्धारित प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करती है। स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के गौरव का पर्व है। गुरुग्राम पुलिस इस राष्ट्रीय पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।