कासगंज : नगला इमामुद्दीन नगर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ शनिवार को जिला पंचायत सदस्य आराम सिंह शाक्य ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य आराम सिंह शाक्य के साथ मनवीर सिंह, जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी रवि गुप्ता और आरएसएस के गंगा सिंह राजपूत भी शामिल हुए। अतिथियों ने व्यासपीठ का पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया और कथा के सफल आयोजन की कामना की।
इस मौके पर आराम सिंह शाक्य ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। ऐसी कथाओं से समाज में सद्भाव और संस्कारों का संचार होता है। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पहुंचे रवि गुप्ता ने कहा कि भागवत कथा सुनने से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। गंगा सिंह राजपूत ने भी सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को जरूरी बताया।
कथा के पहले दिन व्यासपीठ से कथा व्यास ने भागवत महात्म्य का वर्णन किया। आयोजन समिति ने बताया कि कथा का समापन पूर्णाहुति और भंडारे के साथ किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग व श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्ट जितेंद्र सिंह कासगंज