संवाददाता राजन साहू | कानपुर।
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर मंगलवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी पश्चिम ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीसीपी पश्चिम ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरती गई।