संवाद सूत्र/भागलपुर
लोदीपुर थाना क्षेत्र में खुलेआम अवैध मादक पदार्थों के सेवन और बिक्री के खिलाफ मंगलवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन भारत की भागलपुर टीम ने आवाज बुलंद की। संगठन के पदाधिकारियों ने जिला अधिकारी अलंकृता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।संगठन का आरोप है कि लोदीपुर इलाके में लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
मौके पर संगठन के मीडिया प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव विभूति सिंह, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार भारती, मीडिया प्रकोष्ठ के जिला वरिष्ठ सचिव बंटी कुमार, आरटीआई प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संगठन ने प्रशासन से जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई कर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।