*पडरौना, कुशीनगर।* अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में देरी ने किलकारी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। डॉक्टर और मरीज के परिजन के बीच नोकझोंक गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। हद तो तब हो गई जब दोनों तरफ से मार पीट की नौबत आ गई उसी दौरान किलकारी अस्पताल के डॉक्टर ने पिस्टल-रिवॉल्वर निकालकर धमकी देने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।

*22 जून को क्या हुआ था?*  
22 जून 2026 को किलकारी हॉस्पिटल में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट लेट होने पर डॉ. कमलेश वर्मा और मरीज के परिजन संकल्प चतुर्वेदी के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज और हाथापाई हो गई। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा पिस्टल निकालकर धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

*डॉक्टर ने दर्ज कराया केस*  
23 जून को डॉ. कमलेश वर्मा ने कोतवाली पडरौना में तहरीर दी। पुलिस ने संकल्प चतुर्वेदी निवासी सिरसिया खोहिया छोटी, थाना कसया, सत्यम पाठक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मु0अ0सं0 350/2026 दर्ज किया।

*वीडियो में फंसे डॉक्टर, उन पर भी FIR*  
मामले में नया मोड़ तब आया जब सामने आए वीडियो में डॉ. कमलेश वर्मा भी मरीज के परिजनों से अभद्रता करते, गाली-गलौज करते और रिवॉल्वर निकालकर जान से मारने की धमकी देते दिखे। इसके बाद संकल्प चतुर्वेदी की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. कमलेश वर्मा के खिलाफ मु0अ0सं0 356/2026 दर्ज कर लिया।

*पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे*  
पुलिस का कहना है कि दोनों मुकदमों की विस्तृत विवेचना चल रही है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। हॉस्पिटल के सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि गुण-दोष के आधार पर जल्द ही उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक अस्पताल में इलाज के बजाय हथियार लहराने की घटना से इलाके में हड़कंप है। सवाल उठ रहा है कि मरीज की जान बचाने वाले ही जब आपा खो देंगे तो भरोसा किस पर किया जाए।