संवाददाता: राजन साहू  कानपुर | 26 जुलाई 2026

कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव रविवार को शहर में उत्साह के बीच सम्पन्न हुए। सुबह से ही एसोसिएशन कार्यालय पर शहर भर के कैटरर्स और उनके शुभचिंतक पहुंचे।

अध्यक्ष पद पर देवेंद्र गुप्ता 'टुनटुन' और कोषाध्यक्ष पद पर शिवनाथ कश्यप निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

दिनभर की निगाहें महामंत्री पद के चुनाव पर टिकी रहीं। इस पद के लिए अभिषेक तिवारी, आशीष तिवारी और पवन साहू के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। कुल 172 सदस्यों में से 152 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 86% रहा । मतगणना के बाद अभिषेक तिवारी को 84 वोट मिले और वे महामंत्री निर्वाचित हुए। आशीष तिवारी को 62 और पवन साहू को 2 वोट प्राप्त हुए। परिणाम के बाद तीनों प्रत्याशियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर चुनावी सौहार्द की मिसाल पेश की।

*12 सूत्रीय एजेंडा जारी*  
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अगले कार्यकाल के लिए 12 प्रमुख योजनाओं की घोषणा की। एसोसिएशन के संरक्षक सुरेश गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल कैटरिंग व्यवसाय को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि ग्राहकों का विश्वास जीतना, सामाजिक दायित्व निभाना और शासन-प्रशासन से बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है।

प्रमुख योजनाओं में विवाह-भंडारे के लिए न्यूनतम रेट चार्ट, कैटरर्स हेल्पलाइन, सामूहिक खरीद, फूड सेफ्टी पर प्रशिक्षण, स्वास्थ्य बीमा, सत्यापित कैटरर्स की सूची, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, 'अन्नदान बैंक', आपदा में मुफ्त भोजन सेवा और गरीब बेटियों के विवाह में मुफ्त कैटरिंग शामिल हैं।
एसोसिएशन का मानना है कि इन कदमों से कैटरिंग व्यवसाय अधिक व्यवस्थित, सम्मानजनक और प्रतिस्पर्धी बनेगा।