कपिलो पंचायत भवन में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान मुखिया मुकेश यादव की उपस्थिति में सम्पन्न
बिरनी/गिरिडीह:बिरनी प्रखंड अंतर्गत कपिलो पंचायत भवन में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुखिया मुकेश यादव की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित ग्रामीणों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारी है, जिससे बचाव के लिए साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास गंदगी न होने दें, ताकि मच्छरों का प्रकोप कम हो और बीमारी फैलने का खतरा घटे।
अभियान के दौरान लोगों को साल में एक बार फाइलेरिया की दवा अवश्य खाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता के लिए नारे भी लगाए गए —
“फाइलेरिया मिटाना है, साल में एक बार दवा खाना है”
“जन-जन का एक ही नारा, फाइलेरिया मुक्त हो राष्ट्र हमारा”
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दवा सेवन कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि समाज को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
Raftaar Media | सच के साथ