संवाददाता: राजन साहू, कानपुर

*कानपुर, 23 सितंबर।* अधिवक्ताओं की सात सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार की हड़ताल शुरू हो गई। कानपुर कचहरी में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और नारेबाजी कर काम बंद कराया। हड़ताल से हजारों वादकारियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।

कानपुर बार एसोसिएशन एवं दि लॉयर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 10 और 11 सितंबर को प्रांतीय अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित हुआ था। सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिलों से सैकड़ों अधिवक्ता और बार संघों के पदाधिकारी जुटे थे।

सम्मेलन में सात सूत्रीय मांगों पर चर्चा हुई, जिसमें हड़ताल न करने की अंडरटेकिंग के दबाव को समाप्त करने, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और वरिष्ठ अधिवक्ता पेंशन योजना लागू करने की मांग प्रमुख है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मांगे पूरी न होने तक प्रदेश की सभी कचहरियों में हर बुधवार को हड़ताल जारी रहेगी।

इसी निर्णय के क्रम में आज कानपुर कचहरी में अधिवक्ताओं ने सामूहिक अवकाश लिया। बार एसोसिएशन ने कचहरी परिसर में ब्लैक बोर्ड पर सूचना चस्पा कर हड़ताल की जानकारी दी।

इस दौरान कानपुर बार एसोसिएशन और दि लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री सहित समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से विनय मिश्रा, मनोज द्विवेदी, मयूर सैनी, योगेश सोनकर, बुद्ध प्रकाश, अनिल चौहान, अनिल बाबू चौधरी आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।