हरियाणा सरकार युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक ऐसा मजबूत मंच तैयार कर रही है, जहां विचार, निवेश और सरकारी सहयोग एक साथ उपलब्ध होंगे। राज्य के आईडियाथॉन में अब तक 45,000 से अधिक आइडिया सामने आ चुके हैं। वहीं, करीब 400 युवा इंटरप्रेन्योर 21 अगस्त को Gen-H स्टार्टअप समिट–युवा उद्यमी चौपाल में अपने विचार और उद्यम प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।
विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, युवा उद्यमी, निवेशक और उद्योग जगत के प्रमुख लोग शामिल होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक रूप से नौकरी तलाशने के बजाय उद्यम खड़ा करने और रोजगार पैदा करने की दिशा में प्रेरित करना है।
यह पहल केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी। इसका लक्ष्य ऐसा उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करना है, जहां युवा अपने शुरुआती विचारों को सफल व्यवसाय में बदल सकें और उन्हें मेंटरशिप, फंडिंग, अत्याधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा बाजार संबंधी व्यावहारिक मार्गदर्शन मिल सके।
400 युवा इंटरप्रेन्योर निवेशकों और उद्योग जगत से करेंगे संवाद
इस कार्यक्रम में करीब 400 युवा इंटरप्रेन्योर भाग लेंगे। इनमें से चुने गए 60 इंटरप्रेन्योर एक विशेष राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे, जहां वे अपने विचारों, चुनौतियों और विकास की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में अपने दम पर सफल उद्यम खड़े करने वाले युवा उद्यमी अपनी संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ संवाद और इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र होगा। युवा उद्यमी और विद्यार्थी मुख्यमंत्री से उद्यमिता, नवाचार और हरियाणा के भविष्य से जुड़े सवाल सीधे पूछ सकेंगे।
मुख्यमंत्री इनोवेशन वॉक के दौरान छात्र, इंटरप्रेन्योर द्वारा विकसित नए प्रोजेक्ट और स्टार्टअप भी देखेंगे। इसके अलावा चयनित उद्यमी स्टार्टअप फाउंडर्स राउंड टेबल में अपने अनुभव, चुनौतियां और नए विचार साझा करेंगे।
‘नौकरी तलाशने वाले’ से ‘नौकरी देने वाले’ बनने का संदेश
इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य हरियाणा के युवाओं की सोच में बदलाव लाना है। युवाओं को जॉब सिक्कर से जॉब क्रियेटर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस आयोजन का उदृदेश्य इंटरप्रेन्योरशिप डे के माध्यम से युवाओं के लिए अपने नए विचारों को व्यवसाय में बदलने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करना है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को हरियाणा के स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ा जाएगा, ताकि वे खुद को भविष्य के नवाचारकर्ताओं, उद्यमियों और रोजगार सृजकों के रूप में देख सकें।
हरियाणा स्टेट स्टार्टअप पॉलिसी 2022 के तहत स्टार्टअप्स को सीड ग्रांट, पेटेंट लागत की प्रतिपूर्ति, लीज रेंटल रीइम्बर्समेंट, क्लाउड स्टोरेज सहायता और एक्सेलेरेशन प्रोग्राम जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
AI और तकनीक से तैयार होंगे नए दौर के उद्यम
सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों पर विशेष जोर दिया जाएगा। युवाओं को बताया जाएगा कि AI और नई तकनीकों का इस्तेमाल नए उत्पाद तैयार करने, कारोबार को बढ़ाने और वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए कैसे किया जा सकता है।
इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को हरियाणा में ही अपना उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना और ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां अच्छे विचारों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके।
युवाओं तक स्टार्टअप के अवसर पहुंचाएगी इंटरप्रेन्योर बस
सम्मेलन के दौरान इंटरप्रेन्योर बस को भी रवाना किया जाएगा। यह बस 11 दिसंबर 2026 तक हरियाणा के विभिन्न शहरों का दौरा करेगी और युवाओं तक उद्यमिता, स्टार्टअप के अवसरों तथा सरकारी सहायता की जानकारी पहुंचाएगी। अभियान के तहत 4 हजार से अधिक स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों तक लाइव कार्यक्रम की कवरेज पहुंचाई जाएगी। इससे सम्मेलन का संदेश राज्य के विभिन्न हिस्सों में युवाओं तक पहुंच सकेगा और उनमें उद्यमिता, नवाचार तथा स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
‘आईडिया टू इंटरप्राइज, इंटरप्राइज टू एम्पलायमेंट’
इस पूरी पहल का मूल मंत्र है—“आईडिया टू इंटरप्राइज एंड इंटरप्राइज टू एम्पलायमेंट” यानी विचार से उद्यम और उद्यम से रोजगार है। सरकार, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, स्टार्टअप्स और सामाजिक संगठनों को एक साथ लाकर ऐसा इकोसिस्टम तैयार करने का लक्ष्य है, जहां किसी भी युवा के पास नया विचार हो तो उसे मार्गदर्शन, फंडिंग के अवसर, अनुभवी उद्यमियों से सीखने और तकनीक का इस्तेमाल करने के साधन मिल सकें।
हरियाणा के युवाओं से सामने आ रहे हजारों विचारों के बीच Gen-H Summit इन विचारों को व्यवसाय, नवाचार और रोजगार में बदलने के लिए एक बड़ा मंच बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।