मोतिहारी
मोतिहारी, 31 जुलाई। पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में शुक्रवार को आयोजित "जनता के दरबार में जिला प्रशासन" कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से आए लोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह ने की।

कार्यक्रम के दौरान कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, राजस्व विभाग एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। जिला स्तरीय अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अपर समाहर्ता मो. सिबगतुल्लाह ने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों के माध्यम से विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन शिकायत कोषांग को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों को आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ संबंधित पदाधिकारियों को भेजकर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता श्री विकास कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।