दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत मेंझिया पंचायत की पंचायत समिति सदस्य लुखिमुनि सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उनके साथ दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की रीति-नीति और जनकल्याणकारी विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि लुखिमुनि सोरेन एवं महिला कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी और महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासी समाज के सम्मान और उत्थान के लिए लगातार कार्य किया है। झारखंड गठन से लेकर बाबूलाल मरांडी को पहला मुख्यमंत्री बनाने और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने तक भाजपा ने आदिवासी समाज को सम्मान देने का काम किया है। वहीं लुखिमुनि सोरेन ने कहा कि भाजपा की विचारधारा और जनसेवा कार्यों से प्रभावित होकर वह पार्टी में शामिल हुई हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। मंडल अध्यक्ष सुब्रजीत मंडल, मंडल प्रभारी चंदन राउत और रमेश पंडित ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा लगातार जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। मौके पर कई भाजपा पदाधिकारी चंदन राउत सहित अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।