दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।


समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में आ रही तकनीकी एवं व्यवहारिक अड़चनों को दूर करते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। बैठक में रानीडीह स्टेडियम निर्माण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि निर्माण कार्य की सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। उपायुक्त ने विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अंचल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। कल्याण विभाग की समीक्षा में पीवीटीजी बाहुल्य गांवों के विकास के लिए विशेष योजनाएं तैयार करने तथा सर्वे कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि इन गांवों को मूलभूत सुविधाओं से सुदृढ़ किया जा सके। खाद्यान्न गोदाम निर्माण में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने के लिए पीडीएस दुकानों पर शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। बैठक में एनएच-419 स्थित क्षतिग्रस्त बजराघाट पुल पर तत्काल सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा को देखते हुए पुल के पास नाव से लोगों एवं दोपहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगाने को कहा गया। इसके अलावा सड़कों पर बिजली के अनुपयोगी पोल से बनाए गए अनाधिकृत स्पीड ब्रेकरों को हटाने तथा विद्यालयों से बिजली के नंगे तार हटाने का निर्देश दिया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्रा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति के अलावा जिला स्तरीय तकनीकी एवं गैर तकनीकी अन्य पदाधिकारीगण प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी आदि मौजूद रहे।