संवाददाता राजन साहू
कानपुर: रेल मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बुधवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देखी और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
*खानपान और स्वच्छता पर सख्ती*
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने टीटीई लॉबी, खानपान स्टॉलों और स्टेशन परिसर का दौरा किया। उन्होंने खानपान में स्वच्छता, गुणवत्ता और निर्धारित दरों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
*निर्माण कार्यों में गुणवत्ता जरूरी*
डीआरएम ने निर्माण स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
*मेमू कार शेड और वॉशिंग लाइन देखी*
डीआरएम ने मेमू कार शेड और ओल्ड वॉशिंग लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने रख-रखाव कार्यों को मानकों के अनुरूप तय समय में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
*पनकी धाम स्टेशन का भी निरीक्षण*
इसके बाद डीआरएम पनकी धाम स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष का गहन निरीक्षण किया और सुरक्षा, स्वच्छता व यात्री सुविधाओं के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए।