रफ्तार मीडिया/गिरिडीह: शादी की सालगिरह पर कोई पार्टी करते हैं तो कोई घूमने निकल जाते हैं, परंतु पत्रकार सुरेंद्र यादव ने अपनी पत्नी सुधा देवी के साथ रक्तदान कर अपनी शादी की 16 वीं सालगिरह मनाई। इस दौरान रक्तदाता दंपति को ब्लड बैंक के सचिव अरविंद कुमार व प्रभारी डॉ शोहेल अख्तर ने बुके देकर सम्मानित किया। इस दौरान सुरेंद्र यादव ने कहा कि शादी की सालगिरह केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने विशेष दिनों को रक्तदान जैसे पुण्य कार्यों से जोड़ें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। वहीं सुधा देवी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने महिलाओं को भी आगे बढ़कर रक्तदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। रेड क्रॉस के चेयरमेन अरविंद कुमार ने शादी की सालगिरह पर दंपति के रक्तदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं।शादी की सालगिरह पर रक्तदान कर सुरेंद्र यादव और सुधा देवी ने यह साबित कर दिया कि खुशियों के अवसर को मानव सेवा के साथ जोड़कर उसे और भी सार्थक बनाया जा सकता है। मौके पर संत कुमार, सुधीर कुमार समेत ब्लड बैंक के कई कर्मी मौजूद थे।