दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गोलक बिहारी सेन के परिजन को उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में सेनानी के योगदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा के नेतृत्व में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम रजा, अंचल अधिकारी सह बीडीओ अविश्वर मुर्मू, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, रंजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी स्व. गोलक बिहारी सेन के आवास पहुंचे। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी ठंडा वाला सेन को शॉल एवं बुके प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। वही उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान अमूल्य है। उनके त्याग, संघर्ष और देशभक्ति के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्व. गोलक बिहारी सेन द्वारा दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके परिवार के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान परिजनों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम भी जाना गया। मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम रजा, अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू, थाना प्रभारी, परिजन सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।