रांची: राजधानी रांची के जेएससीए स्टेडियम में आयोजित की गई जेपीएल फाइनल मैच के दौरान हुई भगदड़ की घटना को को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो चुकी हैं। इस बीच भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह महज दुर्घटना नहीं, बल्कि कुप्रबंधन और लापरवाही का परिणाम करार दिया है। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
*जेएससीए के व्यव्स्था पर उठाया गया सवाल*
दीपक प्रकाश ने कहा कि आयोजन का बड़े पैमाने पर प्रचार प्रसार किया गया था और मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था होने के कारण भारी भीड़ जुटने की संभावना पहले से थी। इसके बावजूद सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि सीमित प्रवेश द्वार क्यों खोले गए और पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारी, बैरिकेडिंग तथा आपातकालीन व्यवस्थाएं क्यों नहीं की गईं।उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि दर्शकों की सुरक्षा को लेकर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। स्टेडियम की क्षमता और संभावित भीड़ का अनुमान होने के बावजूद यदि समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
*दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई- दीपक प्रकाश*
राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन समय रहते आवश्यक सुरक्षा प्रबंध करने में विफल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े आयोजन की अनुमति देने के बावजूद सरकार और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कर सके, जिससे उनकी विफलता उजागर हुई है। उन्होंने मांग किया कि जेएससीए की प्रबंधन समिति, आयोजन समिति और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में लापरवाही सिद्ध होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।