गोवर्धन रजक/धनबाद समाहरणालय में आयोजित उपायुक्त (DC) आदित्य रंजन के जनता दरबार में एक दिव्यांग छात्रा को नई उम्मीद मिली है। धनसार के चांदमारी निवासी सुधीर कुमार विश्वकर्मा ने आवेदन देकर बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी समृद्धि कुमारी बचपन से श्रवण बाधित है। वह तमाम कठिनाइयों के बावजूद आठवीं कक्षा में पढ़ रही है। क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) वेलोर के डॉक्टरों ने उसे डिजिटल हियरिंग ऐड लगाने की सलाह दी थी, लेकिन दैनिक मजदूरी करने वाले पिता आर्थिक तंगी के कारण इसे खरीदने में असमर्थ थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप को निर्देश दिए। सभी आवश्यक औपचारिकताएं तुरंत पूरी कर छात्रा समृद्धि को मौके पर ही डिजिटल हियरिंग ऐड मशीन उपलब्ध करा दी गई। मशीन मिलने के बाद समृद्धि और उसके पिता ने जिला प्रशासन का आभार जताया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और जनता दरबार के मामलों का प्राथमिकता पर निपटारा किया जा रहा है।