दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो बोकारो 

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के सफल क्रियान्वयन में बोकारो जिला लगातार उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा के नेतृत्व में प्रशासनिक समन्वय, तकनीकी नवाचार, नियमित मॉनिटरिंग एवं जनसहभागिता के माध्यम से जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सके।
*प्रतिदिन समीक्षा से मिली अभियान को नई गति*
--------------
डीईओ सह डीसी द्वारा प्रतिदिन वीडियो संवाद के माध्यम से सभी निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा की गई। प्रपत्र वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन एवं भौतिक सत्यापन की प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे अभियान को निरंतर गति मिली।

*डिजिटाइजेशन में लगातार हुई प्रगति*
-----------
प्रगणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मोबाइल एप आधारित मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा एवं सतत फॉलोअप के कारण डिजिटाइजेशन कार्य में लगातार उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

*जागरूकता अभियान बना सफलता का कारण*
------------
एसआईआर-2026 को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। सोशल मीडिया, माइकिंग, पोस्टर-बैनर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया के सहयोग से मतदाताओं को अभियान की जानकारी दी गई। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर नागरिकों को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहायता उपलब्ध कराई गई।

*सहायता केंद्र एवं हेल्पलाइन से मिली सुविधा*
----------------
मतदाताओं की सुविधा के लिए सहायता केंद्र एवं हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई, जहां प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एवं अन्य निर्वाचन संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। इससे मतदाताओं की भागीदारी में लगातार वृद्धि हुई।

*ईएफ वितरण में 98.33 प्रतिशत प्रगति*
---------
जिले में एसआईआर-2026 के तहत इन्यूमरेशन फॉर्म (ईएफ) वितरण का कार्य 98.33 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति में गोमिया में 99.99 प्रतिशत, बेरमो में 99.97 प्रतिशत, बोकारो में 95.74 प्रतिशत तथा चंदनकियारी में 99.99 प्रतिशत ईएफ का वितरण किया जा चुका है।

*ईएफ डिजिटाइजेशन में 92.62 प्रतिशत उपलब्धि*
--------------
जिले में ईएफ डिजिटाइजेशन की प्रगति 92.62 प्रतिशत तक पहुंच गई है। विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति में गोमिया में 98.49 प्रतिशत, बेरमो में 95.57 प्रतिशत, बोकारो में 86.23 प्रतिशत तथा चंदनकियारी में 95.98 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

बोकारो डीसी ने कहा 
-------------
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि एसआईआर-2026 प्रत्येक पात्र नागरिक को शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है। यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं समावेशी बनाने का प्रयास है। 
अभियान पूरा होने में अब मात्र 03 दिन शेष हैं। यदि आपने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म नहीं भरा है, तो बिना विलंब इसे भरकर  अपने संबंधित बीएलओ को अवश्य जमा करें। आपका एक छोटा-सा प्रयास आपके मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा तथा मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।