उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वोट कटने संबंधी दावे पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है. उन्होंने कहा है कि दिल्ली और लखनऊ के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. उनके बयान से उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता के भीतर संभावित खींचतान की चर्चा तेज हो गई है. सौरव दास ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान से जुड़ी एक अखबार की खबर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि यह उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के बीच बढ़ती खींचतान का संकेत है. उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच रिश्ते सहज नहीं हैं. दास ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर उत्तर प्रदेश सरकार में कई नियुक्तियां की गई हैं, ताकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर नियंत्रण रखा जा सके. उन्होंने कहा कि योगी की लोकप्रियता उन्हें प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के लिए राजनीतिक चुनौती के रूप में पेश करती है. सौरव दास ने मुख्यमंत्री पर SIR के मुद्दे को हिंदू-मुस्लिम नजरिये से उठाने का आरोप भी लगाया. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में SIR के दौरान 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटे हैं, जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में एक प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, सौरव दास के राजनीतिक दावों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.