सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं। आगामी 18 जून को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दल अपने अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में राजधानी रांची में होटल पॉलिटिक्स और डिनर डिप्लोमेसी का दौर भी देखने को मिल रहा है। लेकिन इन तमाम राजनीतिक हलचलों के बीच डुमरी विधायक जयराम महतो का अलग ही अंदाज देखने को मिला। जब अधिकांश विधायक राजनीतिक बैठकों और रणनीतिक आयोजनों में व्यस्त थे, तब जयराम महतो अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच मौजूद रहे।

*जयराम महतो ने खुद को होटल पॉलिटिक्स और डिनर पार्टी से रखा दूर*

बता दें,मंगलवार को एनडीए ने अपने विधायकों को राजधानी के एक पांच सितारा होटल में ठहराया है, जहां से वे सीधे 18 जून को विधानसभा पहुंचकर मतदान करेंगे। दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन के विधायकों, मंत्रियों और नेताओं के लिए मुख्यमंत्री आवास में डिनर पार्टी का आयोजन किया गया, जिसे राज्यसभा चुनाव से पहले की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।इसी बीच डुमरी विधायक जयराम महतो ने स्पष्ट संदेश दिया कि उनकी प्राथमिकता राजनीति से पहले जनता है।

*जनता के बीच रहना ही प्राथमिकता- जयराम महतो*
मंगलवार को रफ्तार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा चुनाव में उसी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे जो उनके क्षेत्र और झारखंड के हितों के लिए काम करने का भरोसा देगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें न तो होटल में ठहरने की कोई रुचि है और न ही किसी डिनर पार्टी में शामिल होने की। वे हमेशा की तरह जनता के बीच रहेंगे और 18 जून को सीधे विधानसभा पहुंचकर अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

*रास्ते में दुर्घटना पीड़ितों की मदद*
अपने विधानसभा क्षेत्र डुमरी लौटने के दौरान जयराम महतो ने रामगढ़ में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और स्थानीय प्रशासन को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों से भी बातचीत की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

*बेरमो के खेतको में पहुंचे, मृतक परिवार को दिया सांत्वना*
डुमरी जाने के क्रम में जयराम महतो बेरमो के खेतको क्षेत्र भी पहुंचे, जहां एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में तनाव और शोक का माहौल था। विधायक ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

*बिजली करंट से हुई मौत पर जताया शोक*
इसके बाद जयराम महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां बिजली करंट लगने से हुई दुर्घटना में मृत व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने  परिवार को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित विभाग से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की।

*जनता की समस्याएं सुनने में बिताया समय*
राजनीतिक गतिविधियों से दूर जयराम महतो ने अपने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

*सियासी माहौल में अनोखा संदेश*
राज्यसभा चुनाव से पहले जहां राजनीतिक दल अपने विधायकों को साधने और एकजुट रखने के लिए विभिन्न रणनीतियां अपना रहे हैं, वहीं जयराम महतो का जनता के बीच रहना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। समर्थकों का कहना है कि उन्होंने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधि की असली ताकत जनता के बीच रहने में है, न कि राजनीतिक आयोजनों में।