मोतिहारी | ओम प्रकाश तिवारी
पूर्वी चम्पारण जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की पहल के तहत रविवार को जिले के 27 प्रखंडों एवं जिला मुख्यालय स्थित जिला स्कूल मोतिहारी सहित कुल 28 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला स्कूल मोतिहारी में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां जिलाधिकारी सौरभी सुमन यादव ने कहा कि ये विद्यालय आधुनिक, समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र बनेंगे और जिले के लाखों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा बेगूसराय से वर्चुअल माध्यम से राज्यभर के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) के उद्घाटन के साथ हुआ। इसका सीधा प्रसारण सभी जिलों एवं प्रखंडों में किया गया। पूर्वी चम्पारण में जिला स्कूल मोतिहारी को भी आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल विद्यालय स्थापित किया गया है। इन विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। स्मार्ट क्लास, अत्याधुनिक फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब, कंप्यूटर लैब तथा सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण व्यवस्था इन विद्यालयों की प्रमुख विशेषता होगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षकों की नियुक्ति उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा चयन प्रक्रिया के माध्यम से की गई है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। ये विद्यालय केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आसपास के सरकारी विद्यालयों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन, संसाधन-साझेदारी और नवाचार के केंद्र के रूप में भी कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि "उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य" के सरकार के संकल्प के तहत अब सरकारी विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को गंभीरता से लेने, मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और बिहार युवा शक्ति के मामले में अग्रणी राज्यों में शामिल है। यदि यहां के बच्चे अच्छी शिक्षा, कौशल और हुनर प्राप्त करेंगे तो वे राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने छात्रों से जिम्मेदार नागरिक बनने की भी अपील की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी, उप महापौर लालबाबू प्रसाद गुप्ता, प्रकाश अस्थाना, वार्ड पार्षद रीना झा, जिला स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला स्कूल को मॉडल विद्यालय घोषित किए जाने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी ने जिला स्कूल परिसर में वृक्षारोपण किया तथा फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी लैब और कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।