रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा
झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा के तत्वावधान में आउटडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय जेवीसी स्कूल, जामताड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट केजीबीवी, जामताड़ा ने खिताब अपने नाम किया, जबकि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट केजीबीवी, कुंडहित की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग में आरजीआरजी हाई स्कूल, करमाटांड़ ने प्रथम स्थान हासिल किया। आर प्लस टू विद्यालय, महीजाम की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट जेवीसी स्कूल, जामताड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में एडीपीओ एवं खेल प्रभारी मनोज कुमार ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ।