सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कॉपरेटिव कॉलेज के 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान आरआईटी थाना क्षेत्र के रायडीह बस्ती निवासी कन्हाई दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे कन्हाई दास अपनी स्कूटी से दवा लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रेलवे अंडरब्रिज के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आई।इधर, छात्र की मौत से आक्रोशित परिजन और स्थानीय ग्रामीण मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में आदित्यपुर थाना पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे अंडरब्रिज के आसपास अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। वहीं कन्हाई दास की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।