बिलासपुर। कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की कुसमुंडा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का दौरा कर कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन रिमूवल एवं अन्य परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की। 

                       साथ ही, उन्होंने संशोधित उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्ययोजना तथा परिचालन संबंधी चुनौतियों पर अधिकारियों एवं संबंधित हितधारकों के साथ चर्चा की। दौरे की शुरुआत में साईराम ने कुसमुंडा खदान के व्यू पॉइंट से खनन गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने विभागीय माइनिंग पैच का निरीक्षण कर वहां संचालित खनन कार्यों एवं उत्पादन गतिविधियों की जानकारी ली। 

       इसके बाद चेयरमैन ने केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच का दौरा किया तथा वहां चल रहे खनन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नीलकंठ फेस का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने कोल फेस की स्थिति, एक्सपोजर तथा खनन गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साईराम ने कुसमुंडा परियोजना के लिए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति पर विशेष जोर दिया।

                   उन्होंने उत्पादन बढ़ाने की दिशा में मौजूदा बाधाओं, परिचालन संबंधी चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदमों की विस्तृत समीक्षा की। दौरे के दौरान साईंराम द्वारा उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित कर, उनसे सीधा संवाद कर उनकी हौसलाफजाई भी की।