संवाददाता: राजन साहू
कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते राहगीरों ने चालक को सतर्क किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पनकी पड़ाव के पास से गुजर रही एक कार से धुआं उठता देख राहगीरों ने तुरंत चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया। चालक ने आनन-फानन में वाहन रोका और बाहर निकल आया।
आग बुझाने के लिए चालक ने हाईवे किनारे स्थित घरों से पानी मांगा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार का अगला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि आग लगने के सही कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।