सरायकेला : सरायकेला जिले के छोटा गम्हरिया स्थित वाणी विद्या मंदिर स्कूल मैदान में कई वर्षों के अंतराल के बाद श्रावणी मेला मीणा बाजार का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित मेले का उद्घाटन शिक्षाविद एवं झामुमो नेता प्रो. कालीपद सोरेन उर्फ के.पी. सोरेन ने फीता काटकर किया। आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो उर्फ लकड़ू महतो ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।उद्घाटन के बाद प्रो. के.पी. सोरेन ने मेला परिसर का भ्रमण कर विभिन्न दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों का जायजा लिया। उन्होंने मेले में पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात कर आयोजन की सराहना की।लंबे अंतराल के बाद मेला लगने से आसपास के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही मेला परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ गई। परिवार के साथ पहुंचे बच्चों के लिए रंग-बिरंगे झूले, खिलौने, खान-पान की दुकानें और मनोरंजन के विभिन्न साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों के चेहरे पर खुशी और ग्रामीणों के उत्साह से पूरा परिसर उत्सवी माहौल में नजर आया।आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो ने कहा कि मेले से स्थानीय लोगों को मनोरंजन के साथ आपसी मेलजोल का अवसर मिला है।मौके पर सुखलाल महतो, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा, इंद्रजीत महतो, चंपई मंडल, विपेन्द्र राय, शिवराम पान और श्याम महतो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।