सरायकेला: सरायकेला जिले में अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष से जारी निर्देश में उन्होंने कहा कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति चापड़, तलवार या किसी अन्य घातक हथियार के साथ सार्वजनिक स्थान पर घूमते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतेगी।एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था को गंभीरता से लागू करने, नियमित वाहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तथा अपराधियों पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराध को पूरी तरह समाप्त करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्ति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।