रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा का संभागस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं और ओबीसी समाज को संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन सम्मेलन में पहुंचे। मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में ओबीसी समाज की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश में ओबीसी समाज की संख्या सबसे ज्यादा है और समाज के लोग अपने हुनर के जरिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है और सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि इसमें हमारे समाज के गौरव उपमुख्यमंत्री अरुण साव, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और इससे पहले भी अनेक जनप्रतिनिधिओं का आगमन इस सम्मेलन में हुआ। सभी का मार्गदर्शन हमारे मोर्चा के कार्यकर्ताओं को मिला। रायपुर संभाग के प्रबुद्धजनों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं। उन सभी का सम्मेलन में सम्मान किया गया है।