रिपोर्टर रोहित कुमार/बिजनौर

बिजनौर-किरतपुर हाईवे पर गुरुवार को स्वाहेड़ी स्थित परम पब्लिक स्कूल के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, सात माह की बच्ची और साली घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरूकी निवासी मोहित (28) पुत्र गजरेश बुधवार को ग्राम रावली में अपने रिश्तेदार के यहां जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। गुरुवार को वह अपनी पत्नी राखी, साली सोनम और सात माह की बच्ची के साथ बाइक से अपनी ससुराल, थाना किरतपुर क्षेत्र के गांव गाज़ीपुर जा रहा था।
बताया गया कि स्वाहेड़ी के पास परम पब्लिक स्कूल के निकट सामने से आ रही स्कूटी से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सभी सड़क पर गिर पड़े। मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बच्ची और साली घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब मोहित का शव गांव बरूकी पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाइट:- भूपेंद्र पाल उर्फ सोनू प्रधान पति