दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो

फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत जनपद के सभी थानों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक अपराधों, नए कानूनों, साइबर अपराध तथा उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही घरेलू हिंसा से बचाव, महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

पुलिस टीमों ने जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का लाभ उठाएं। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपराधों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।