दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
शहर के छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। मेन रोड स्थित प्रदर्शनी भवन परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस द स्कॉलर्स हेवन लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन हुआ। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार ने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में नगर परिषद उपाध्यक्ष महावीर राय, सिटी मैनेजर विजय कुमार, शिक्षाविद प्रो. कैलाश साव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि यह लाइब्रेरी मिहिजाम के छात्रों को महानगरों जैसी अध्ययन सुविधाएं देगी। लाइब्रेरी में वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, हाई-स्पीड वाई-फाई, 24 घंटे अध्ययन व्यवस्था, सीसीटीवी सुरक्षा, व्यक्तिगत लॉकर, समाचार-पत्र, पत्रिकाएं और आरओ पेयजल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। संस्थापक काजल महतो ने अतिथियों को पौधा भेंट कर पेड़ लगाओ, जिंदगी बचाओ का संदेश दिया। उन्होंने घोषणा की कि पहले पांच प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को एक महीने तक निःशुल्क अध्ययन सुविधा मिलेगी। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।