_संवाददाता: राजन साहू, कानपुर_

*कानपुर।* गणेश उत्सव को लेकर कानपुर में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शहर के जीटी रोड स्थित गोल चौराहे के पास गणेश प्रतिमाओं का बाजार सजने लगा है। कारीगर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, वहीं खरीदार पसंद की मूर्ति तलाश रहे हैं।

इस बार बाजार में अलग-अलग डिजाइन की प्रतिमाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। खासतौर पर चांद-सितारों से सजी प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। छोटी प्रतिमाओं की कीमत एक हजार से तीन हजार रुपये तक है, जबकि बड़ी और भव्य प्रतिमाओं की कीमत 5 हजार से 20 हजार रुपये तक पहुंच रही है।

खास बात यह है कि यह बाजार सिर्फ कानपुर तक सीमित नहीं है। यहां कन्नौज, इटावा, उन्नाव, लखनऊ और बहराइच समेत आसपास के जिलों से भी खरीदार पहुंच रहे हैं।

महंगाई के चलते कारीगरों की चिंता भी बढ़ी है। कारीगरों का कहना है कि सामग्री और मजदूरी की लागत बढ़ने से मूर्ति बनाना महंगा हुआ है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार बिक्री अच्छी होगी और कम से कम लागत निकल जाएगी।