ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मोतिहारी एवं बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने 88 हजार रुपये मूल्य की संदिग्ध जाली भारतीय मुद्रा बरामद की है। मामले में दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया है। बरामद सभी नोट 500 रुपये के बताए गए हैं।

एसएसबी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को कमांडेंट श्री प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में सीमा चौकी महुअवा को सूचना मिली थी कि मोतिहारी से संदिग्ध जाली भारतीय मुद्रा लेकर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी ने तत्काल लखौरा थाना पुलिस को जानकारी दी।

इसके बाद एसएसबी एवं बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने मोतिहारी-लखौरा मार्ग पर नाका लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान शेख नूर आलम, उम्र 38 वर्ष, निवासी बसवरिया, थाना चिरैया तथा मो. इस्तकार, उम्र 35 वर्ष, निवासी महुआवा, थाना चिरैया, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई।

अंचल अधिकारी सदर, मोतिहारी श्री सुनील कुमार की उपस्थिति में दोनों संदिग्धों की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान शेख नूर आलम के कब्जे से 88,000 रुपये मूल्य की संदिग्ध जाली भारतीय मुद्रा बरामद हुई। इसमें 500 रुपये के कुल 176 नोट शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में नोटों की मुद्रण गुणवत्ता फीकी प्रतीत हुई तथा कई नोटों पर समान क्रम संख्या अंकित होने जैसी विसंगतियां पाई गईं। इसके आधार पर मुद्रा के जाली होने का प्रथम दृष्टया संदेह जताया गया है। हालांकि, बरामद नोटों की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि संबंधित जांच एवं विधिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

एसएसबी के अनुसार, आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए करीब 23:05 बजे संदिग्ध मुद्रा को जब्त किया गया। बरामद मुद्रा एवं दोनों संदिग्धों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लखौरा थाना, पूर्वी चंपारण को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।

एसएसबी ने बताया कि यह कार्रवाई आसूचना आधारित संयुक्त अभियान, प्रभावी नाका व्यवस्था तथा एसएसबी एवं बिहार पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।